महिला सुरक्षा, साइबर अपराध व नशा मुक्ति में सक्रिय भूमिका का किया आह्वान
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोटपूतली-बहरोड़ जिले के वाई-सीएलजी (युवा सामुदायिक समन्वय समूह) सदस्यों और महिला सुरक्षा सखियों के साथ ऑनलाइन संवाद किया, जिसमें जिले भर से करीब 350 वाई-सीएलजी सदस्यों, 355 सुरक्षा सखियों सहित बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण, साइबर अपराधों से बचाव व सतर्कता, यातायात नियमों की पालना और पुलिस-जन सहभागिता जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए महिला सुरक्षा सखियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने वाई-सीएलजी सदस्यों से समाज में सकारात्मक वातावरण तैयार करने, युवाओं को अपराध व नशे से दूर रखने तथा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला स्तर पर पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान, डीएसपी मदनलाल जैफ, थानाधिकारी कृष्ण कुमार और थानाधिकारी सरूंड यशपाल सहित नीमराना, विराटनगर, पावटा व बहरोड़ पंचायत समितियों में भी पुलिस अधिकारी, युवा और सुरक्षा सखियां मौजूद रहीं। पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता, विशेषकर युवाओं के बीच की दूरी को कम कर आपसी सहयोग को मजबूत बनाना है।
Share :
