कोटपूतली में रबी फसल बुवाई पूर्व किसान गोष्ठी का आयोजन

कोटपूतली में रबी फसल बुवाई पूर्व किसान गोष्ठी का आयोजन

कृषि विशेषज्ञों ने 100 किसानों को अनुदान योजनाओं, पोषक तत्व प्रबंधन और जैविक खेती के बताए गुर

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
आत्मा योजना के अंतर्गत पंचायत समिति कोटपूतली के सभागार में बुधवार को रबी फसल बुवाई पूर्व किसान गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। गोष्ठी में सहायक कृषि अधिकारी रमेश चन्द मीणा ने किसानों को विभागीय अनुदान योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी, जिसमें फार्म पॉन्ड, तारबंदी, सिंचाई पाइपलाइन, आधुनिक कृषि यंत्र, पौध संरक्षण उपकरण, फव्वारा सेट और ड्रिप सिंचाई पर मिलने वाली सब्सिडी के बारे में विस्तार से समझाया गया। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र गोनेड़ा के सेवानिवृत्त विशेषज्ञ डॉ. सरदारमल यादव ने रबी फसलों में समुचित पोषक तत्व प्रबंधन, तिलहनी फसलों विशेषकर सरसों में सल्फर की उपयोगिता तथा प्राकृतिक व जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी अमर नाथ सैनी और सहायक कृषि अधिकारी राजाराम गुर्जर ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के लाभों से अवगत कराया। इसके साथ ही संयुक्त निदेशक कार्यालय कोटपूतली से आत्मा योजना के प्रभारी सुंदर लाल गुर्जर ने किसानों को समन्वित कीट प्रबंधन के व्यावहारिक तरीके सिखाए। इस उपयोगी कार्यशाला में क्षेत्र के लगभग 100 प्रगतिशील किसानों ने भाग लेकर उन्नत खेती की तकनीकों को समझा।

Share :