पाना देवी कन्या महाविद्यालय में ‘युवा सेतु’ कार्यक्रम का आगाज

पाना देवी कन्या महाविद्यालय में ‘युवा सेतु’ कार्यक्रम का आगाज

छात्राएं गांव गोद लेकर विकास योजनाओं में निभाएंगी शासन-प्रशासन के साथ अहम भागीदारी

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
शहर के पाना देवी राजकीय कन्या महाविद्यालय में बुधवार को ‘युवा सेतु’ कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। यूनिसेफ के संयोजन में संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए राजस्थान भर से 41 राजकीय महाविद्यालयों का चयन किया गया है, जिसमें कोटपूतली-बहरोड़ जिले से एकमात्र पाना देवी कॉलेज को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शामिल होने का गौरव प्राप्त हुआ है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक विकास की व्यावहारिक प्रक्रिया से जोड़ना और उन्हें शासन-प्रशासन के साथ सीधे सहभागी बनने का मंच प्रदान करना है। कार्यक्रम के संयोजक डॉ. जगराम गुर्जर ने छात्राओं को प्रशिक्षित एवं संबोधित करते हुए बताया कि आयुक्तालय के निर्देशानुसार महाविद्यालय द्वारा एक गांव गोद लिया जाएगा, जहां छात्राएं वहां की सामाजिक, शैक्षणिक एवं बुनियादी विकास संबंधी आवश्यकताओं का गहन अध्ययन करेंगी। इसके उपरांत छात्राएं ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान हेतु ठोस योजनाएं व सुझाव तैयार कर सीधे प्रशासन को प्रेषित करेंगी, जिससे उनमें सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान और नीतिगत समझ का अभूतपूर्व विकास होगा। कार्यक्रम के सह-संयोजक डॉ. हरेंद्र चंदेला ने योजना की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए स्पष्ट किया कि यह जमीनी अनुभव छात्राओं के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और भावी करियर निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा। इस प्रेरक सत्र के दौरान उपस्थित छात्राओं को परियोजना से जुड़ी आगामी गतिविधियों और अवसरों की विस्तृत रूपरेखा साझा की गई। इस अवसर पर डॉ. महेंद्र कुमार सिंधु सहित महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Share :