12 अक्टूबर से जयपुर में अनिश्चितकालीन आंदोलन की दी चेतावनी
*बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़*
*कोटपूतली-बहरोड़।*
निजी विद्यालय संघर्ष समिति, राजस्थान के आह्वान पर सोमवार को जिला संयोजक सतीश सिंह शेखावत के नेतृत्व में निजी स्कूल संचालकों ने डीईओ माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी को आरटीई का लंबित भुगतान तुरंत करने, यूनिट कॉस्ट बढ़ाने और प्री-प्राइमरी विद्यार्थियों का पुनर्भरण जारी करने सहित 4 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। धरने में सतीश सिंह शेखावत, पृथ्वी सिंह चौहान, राजपाल सिंह तंवर, जगदीश सैनी, खेमराज, सतपाल खटाना, सुधीर कुमार शर्मा, महिपाल सिंह, सवाई सिंह शेखावत सहित कई स्कूल संचालक शामिल रहे। साथ ही, समिति के प्रदेश व जिला संयोजक ने प्रमुख शासन सचिव स्कूल शिक्षा एवं पंचायती राज को पत्र भेजकर याद दिलाया कि 8 अगस्त 2026 की वार्ता में अगस्त माह तक भुगतान का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 5 अक्टूबर तक भी राशि जारी न होने से स्कूलों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। समिति ने अपनी 4 सूत्रीय मांगों में शामिल प्रोवाइजरी सहित समस्त लंबित भुगतान तुरंत जारी करने, तकनीकी व दस्तावेजी खामियों का निस्तारण, लंबित मान्यताओं का निपटारा, तथा 8 अगस्त के आश्वासनों की लिखित अनुपालना रिपोर्ट देने की मांग दोहराते हुए चेतावनी दी कि यदि 10 अक्टूबर तक समस्त भुगतान नहीं हुआ, तो 12 अक्टूबर से जयपुर के शहीद स्मारक पर बकाया भुगतान व अन्य समस्याओं के समाधान तक अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री तथा निदेशक माध्यमिक व प्रारंभिक शिक्षा को भी भेजी गई है।
