राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली के कांसली ग्राम निवासी एवं दूरसंचार जयपुर पुलिस में उप अधीक्षक के पद पर कार्यरत ओमप्रकाश वर्मा का असामयिक निधन हो गया। उनके निधन से राजस्थान पुलिस ने एक जांबाज और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी को खो दिया है। ओमप्रकाश वर्मा को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस पदक’ से सम्मानित किया गया था। उनके निधन का समाचार मिलते ही पुलिस प्रशासन और उनकी जन्मभूमि कांसली में शोक की लहर दौड़ गई तथा हर कोई स्तब्ध रह गया। जयपुर के घाट गेट पर राजस्थान पुलिस द्वारा उनके पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद पार्थिव देह को चौकी गोरधनपुरा से जुलूस के रूप में गांव लाया गया, जहां गांव के युवा नारे लगाते हुए साथ चल रहे थे। श्मशान भूमि में राजस्थान पुलिस द्वारा पूरे राजकीय सम्मान के साथ अत्यंत गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके परिवार में पिता, चार भाई, एक पुत्र, दो पुत्रियां और दो बहनें हैं। पार्थिव देह को मुखाग्नि उनके पुत्र राजेश ने दी। इस दौरान कोटपूतली डीएसपी मदन लाल जैफ, स्थानीय पुलिस अधिकारी, जयपुर से आए पुलिस विभाग के उच्चाधिकारी, बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
2026-08-28
