गार्ड की सजगता से टली बड़ी वारदात
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
नारेहड़ा स्थित राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार देर रात एक अज्ञात चोर ने घुसकर ऑक्सीजन पाइप लाइन काटकर चोरी करने का प्रयास किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, अज्ञात चोर रात के अंधेरे में सीएचसी परिसर में दाखिल हुआ और अस्पताल में लगी ऑक्सीजन पाइप लाइन को काटकर इकट्ठा करने लगा। उसने काटे गए पाइपों को खिड़की से बाहर फेंक दिया था और उन्हें ले जाने की पूरी तैयारी में था, तभी परिसर में तैनात सुरक्षा गार्ड को संदिग्ध आहट सुनाई दी। गार्ड ने जब मौके पर जाकर देखा तो चोर की गतिविधियां नजर आईं। गार्ड की भनक लगते ही चोर पकड़े जाने के डर से काटे गए ऑक्सीजन पाइप मौके पर ही छोड़कर वहां से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद सीएचसी प्रशासन ने सरूंड पुलिस थाने को सूचित किया। सीएचसी प्रभारी अनिल यादव ने बताया कि चोरी के प्रयास की लिखित शिकायत पुलिस को सौंप दी गई है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान और धरपकड़ के लिए अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
2026-08-28
