139 पर्चे दाखिल, हेल्प डेस्क पर मची आपाधापी, पुलिस ने रस्सियां बांधकर संभाला मोर्चा
आजाद चौक में लगा वाहनों का महाजाम
कोटपूतली-बहरोड़/सच पत्रिका न्यूज़
नगर परिषद चुनाव के तहत पार्षद पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शनिवार को कचहरी परिसर में प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। चुनावी रण में ताल ठोकने पहुंचे दावेदारों की भीड़ के आगे कचहरी परिसर छोटा पड़ गया। दूसरे दिन कुल 139 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जबकि इससे पहले गुरुवार को 28 फॉर्म जमा हुए थे। भीड़ की अधिकता के चलते व्यवस्था बनाने में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के पसीने छूट गए। निर्वाचन विभाग द्वारा कचहरी परिसर में प्रत्याशियों के फॉर्म जांचने और त्रुटियां दुरुस्त करने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई हैं। शनिवार को अपने फॉर्म की पहले जांच कराने की होड़ में प्रत्याशी व समर्थक एक-दूसरे पर चढ़ते नजर आए। देखते ही देखते हेल्प डेस्क पर अव्यवस्था फैल गई और कार्मिकों का घेराव हो गया। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस जाब्ते ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने भीड़ को पीछे धकेलते हुए हेल्प डेस्क के चारों तरफ रस्सियां बांधी और कतारबद्ध कर जांच प्रक्रिया को दोबारा शुरू करवाया। इस दौरान फॉर्म जांच में देरी होने पर कई दावेदार कार्मिकों व पुलिसकर्मियों से उलझते भी दिखे।

आजाद चौक में लगा भीषण जाम, पैदल चलना भी हुआ दूभर
शहर में कानून व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर पालिका तिराहे पर बैरिकेडिंग लगाकर आजाद चौक की तरफ चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया। इस कारण सैकड़ों की तादाद में दोपहिया वाहन आजाद चौक पहुंच गए, जिससे पूरा चौक मोटरसाइकिलों से खचाखच भर गया और आम राहगीरों के लिए पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया। उधर, निर्वाचन अधिकारियों के चैंबरों के बाहर कड़ा पहरा बैठाया गया है, जहां केवल प्रत्याशी और उनके अधिकृत प्रस्तावकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है।
वार्डवार अलग-अलग कमरों में हो रहे नामांकन
प्रशासन ने वार्डवार तीन अलग-अलग कक्ष निर्धारित किए हैं। वार्ड संख्या 1 से 20 के प्रत्याशी एसडीएम कार्यालय में एसडीएम योगेश सिंह देवल के समक्ष, वार्ड संख्या 21 से 40 के उम्मीदवार तहसील कार्यालय में तहसीलदार रामधन गुर्जर के समक्ष और वार्ड संख्या 41 से 60 के उम्मीदवारों के नामांकन नायब तहसीलदार कार्यालय में जमा किए जा रहे हैं।
टिकट की आस में कइयों ने ठोक दी ताल
नामांकन भरने वालों में पूर्व चेयरमैन और अनुभवी पार्षदों से लेकर बड़ी संख्या में पहली बार चुनावी मैदान में उतरे युवा शामिल हैं। प्रमुख राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस ने अभी तक अपने आधिकारिक प्रत्याशियों की सूची घोषित नहीं की है। माना जा रहा है कि बगावत से बचने के लिए दोनों पार्टियां अंतिम दिन सीधे अधिकृत सिंबल (प्रारूप ‘क’ और ‘ख’) सौंपेंगी। इधर, टिकट कटने की आशंका के चलते दावेदारों ने वैकल्पिक रणनीति के तहत निर्दलीय के रूप में भी नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं।
रविवार को कराएं फॉर्म जांच, सोमवार को 3 बजे तक ही प्रवेश

शनिवार को 60 वार्डों के लिए 104 उम्मीदवारों द्वारा 139 फॉर्म प्राप्त हुए हैं। प्रत्याशियों की सुविधा के लिए रविवार को भी उपखंड कार्यालय में 5 हेल्प डेस्क सुबह 10 से शाम 5 बजे तक खुली रहेंगी, जहां 11 अतिरिक्त कार्मिक तैनात रहेंगे। सभी इच्छुक प्रत्याशी रविवार को ही अपने फॉर्म की जांच करवा लें, ताकि सोमवार को आपाधापी न हो। सोमवार, 31 अगस्त को दोपहर 3 बजे तक परिसर में प्रवेश करने वाले सभी प्रत्याशियों के नामांकन लिए जाएंगे। 31 अगस्त को आजाद चौक को पूरी तरह नो व्हीकल जोन रखा जाएगा। — योगेश सिंह देवल, एसडीएम एवं निर्वाचन अधिकारी, कोटपूतली


