गलत जानकारी देने पर होगी सख्त कार्रवाई
बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कार्मिकों एवं शिक्षकों की निर्वाचन ड्यूटी लगाई गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अपर्णा गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि यदि कोई भी कार्मिक स्वास्थ्य कारणों से अवकाश या ड्यूटी से कार्यमुक्ति चाहता है, तो उसे जिला निर्वाचन विभाग द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड के समक्ष अपने आवश्यक चिकित्सकीय दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे और बोर्ड की जांच व अनुशंसा के आधार पर ही नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जोर देकर कहा कि निर्वाचन कार्य एक अनिवार्य राजकीय दायित्व है, इसलिए सभी कार्मिक पूर्ण निष्ठा और गंभीरता के साथ अपने कर्तव्य स्थल पर उपस्थित रहें तथा प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से भाग लें। सक्षम स्तर से बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने, लापरवाही बरतने या निर्वाचन ड्यूटी से बचने के लिए स्वास्थ्य संबंधी मिथ्या, तथ्यहीन अथवा भ्रामक जानकारी प्रस्तुत करने वाले कार्मिकों के विरुद्ध राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों एवं सेवा नियमों के तहत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी कार्मिकों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं जिम्मेदारीपूर्वक दायित्वों का निर्वहन करते हुए चुनाव को सफल बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
2026-09-01
