हाईवे पर डिवाइडर से टकराने से बीएसएफ जवान घायल, अधिकारियों ने युवाओं से की नशे से दूर रहने की अपील

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
देशभर में मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने और ‘नशे को ना’ कहने के अभियान को राष्ट्रव्यापी स्वरूप देने के उद्देश्य से दिल्ली से गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) के लिए निकली बाइक रैली बुधवार को बहरोड़ पहुंची, जहां जवानों ने एक निजी होटल में पड़ाव डाला। केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना की गई इस रैली में करीब 250 राइडर्स शामिल हैं, जिसमें बीएसएफ, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और विभिन्न राज्यों के पुलिस बलों के जवान अलग-अलग पड़ावों पर सहभागिता कर रहे हैं। पड़ाव के दौरान पुलिस एवं सुरक्षा बलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने युवाओं और आमजन से नशे से पूरी तरह दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जिस तरह देश से उग्रवाद जैसी गंभीर चुनौतियों को समाप्त करने के लिए एकजुट प्रयास किए जा रहे हैं, उसी तरह अब नशे की समस्या को भी जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए सामूहिक संकल्प आवश्यक है।
कोटपूतली-बहरोड़ एसपी सतवीर सिंह ने कहा कि राजस्थान को नशा मुक्त बनाना पुलिस की शीर्ष प्राथमिकता है और इसके लिए पुलिस विभाग लगातार जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई कर रहा है; उन्होंने युवाओं को अनुशासन अपनाने, गलत प्रवृत्तियों से बचने और परिवार की भलाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। इस यात्रा के दौरान दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर गांव दुघेड़ा के पास एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा भी हुआ, जहां बीएसएफ जवान स्वास्थराज राठा की बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल जवान को तत्काल बहरोड़ के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है और एसपी ने स्वयं अस्पताल पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम जानी। इस अवसर पर एनएसजी आईजी अमित पाठक, ब्रिगेडियर अनिल कुमार जोशी, कर्नल नवीन रंजन (सेवा मेडल), नीमराना एएसपी सुरेश खींची, डीएसपी सचिन शर्मा और थानाधिकारी रविंद्र कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। उल्लेखनीय है कि यह विशाल रैली विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए आगामी 26 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी।
