कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस लाइन में मनाया गया ‘पुलिस शहीद दिवस’

कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस लाइन में मनाया गया ‘पुलिस शहीद दिवस’

शोक परेड में शस्त्र झुकाकर अमर शहीदों को दिया गार्ड ऑफ ऑनर, पुलिस अधिकारियों ने किया पौधरोपण

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
जिला मुख्यालय स्थित रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में बुधवार को पुलिस शहीद दिवस पूरी गरिमा, आदर और सम्मान के साथ आयोजित किया गया। इस पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर कर्तव्य पथ पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान अनुशासित शोक परेड का आयोजन किया गया, जिसमें शहीद हुतात्माओं के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर शस्त्र झुकाए गए और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
इस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में चीनी घुसपैठियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए सीआरपीएफ के वीर जवानों के शौर्य को नमन किया गया। इसके साथ ही पिछले एक वर्ष (सितंबर 2025 से अगस्त 2026) के दौरान देश भर में कर्तव्य निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 154 अमर पुलिस अधिकारियों और जवानों के नामों का पठन कर उनके अदम्य साहस को याद किया गया।
पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि पुलिस बल का प्रत्येक जवान आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्राणप्रण से तत्पर रहता है। शहीदों का यह बलिदान समस्त बल के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा तथा पुलिस प्रशासन उनके परिजनों के कल्याण व सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस पावन स्मृति में पुलिस लाइन परिसर में अधिकारियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस श्रद्धांजलि सभा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान, वृत्ताधिकारी मदन जैफ, साइबर थानाधिकारी निर्मला पाण्डया, कोटपूतली थानाधिकारी कृष्ण कुमार सहित कई पुलिस निरीक्षक, अधिकारी व लाइन के जवान उपस्थित रहे।

Share :