जिले में द्वितीय व तृतीय चरण में होगा मतदान, कलेक्टर की राजनीतिक दलों संग बैठक

जिले में द्वितीय व तृतीय चरण में होगा मतदान, कलेक्टर की राजनीतिक दलों संग बैठक

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव की तैयारियों और आदर्श आचार संहिता की पालना को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन ने निष्पक्ष, निर्भय व शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए सभी दलों से सहयोग की अपील की। जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले की 8 पंचायत समितियों की कुल 238 ग्राम पंचायतों और 784 मतदान बूथों पर चुनाव द्वितीय एवं तृतीय चरण में संपन्न होंगे। जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों के लिए 13 अक्टूबर 2026 को लोक सूचना जारी होगी, जिसके तहत 16 अक्टूबर तक नामांकन, 17 को संवीक्षा और 19 अक्टूबर को नाम वापसी व चुनाव प्रतीकों का आवंटन होगा। द्वितीय चरण में 4 पंचायत समितियों बानसूर, कोटपूतली, पावटा व नारायणपुर की कुल 130 ग्राम पंचायतों के 442 बूथों पर 29 अक्टूबर को जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान होगा। इसके बाद 30 अक्टूबर को पंच-सरपंच नामांकन, 31 अक्टूबर को मतदान व मतगणना तथा 1 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। तृतीय चरण में शेष 4 पंचायत समिति नीमराणा, विराटनगर, बहरोड़ व मैड-कुंडला  की 108 ग्राम पंचायतों के 342 बूथों पर 4 नवंबर को सदस्य पदों का मतदान होगा, जबकि 5 नवंबर को पंच-सरपंच नामांकन, 6 नवंबर को मतदान व मतगणना और 7 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा। जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को प्रातः 8 बजे से होगी। इसके बाद जिला प्रमुख का चुनाव 25 नवंबर, उप जिला प्रमुख का 26 नवंबर, प्रधान का 27 नवंबर और उपप्रधान का चुनाव 28 नवंबर को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार होगा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी सोहन सिंह नरूका, डीएसपी मदन लाल जैफ सहित अधिकारीगण और राजनीतिक दलों की ओर से हनुमान प्रसाद सैनी, रमेश कुमार जिंदल, वी. के. नवल सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share :