बोगस वोटिंग और प्रलोभन रोकने के लिए प्रशासन सख्त, करवास बूथ विवाद पर कलेक्टर ने दी सफाई

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत कलेक्ट्रेट परिसर कोटपूतली में जिला परिषद सदस्य पद के नामांकन की प्रक्रिया अंतिम दौर में पहुंच गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता ने बताया कि जिले की सभी 27 जिला परिषद सीटों के लिए नामांकन का आज (शुक्रवार, 16 अक्टूबर) अंतिम दिन है। उम्मीदवार दोपहर 3 बजे तक ही अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इसके बाद किसी भी प्रत्याशी का पर्चा स्वीकार नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कोटपूतली, पावटा, विराटनगर, बानसूर, नारायणपुर, मेड-कुंडला, बहरोड़ और नीमराना पंचायत समितियों के अभ्यर्थी किसी भी तरह के असमंजस में न रहें। सभी क्षेत्रों के नामांकन कलेक्ट्रेट परिसर में ही जमा हो रहे हैं। निर्धारित चुनावी कार्यक्रम के अनुसार 17 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नामांकनों की समीक्षा की जाएगी, जबकि 19 अक्टूबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
फर्जी वोटिंग पर सख्त पहरा, आरओ को डबल ट्रेनिंग
प्रेस वार्ता के दौरान कलेक्टर ने बताया कि इस बार जिला परिषद, पंचायत समिति, पंच और सरपंच के चुनाव एक साथ संपन्न होना एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती है। उन्होंने कहा कि सरपंच चुनाव के रिटर्निंग अधिकारियों की दो स्तरीय ट्रेनिंग करवाई जा रही है। पोलिंग पार्टियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि पहचान सत्यापन में कोई कोताही न बरती जाए। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। चूंकि सरपंच पद की मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत बाद मौके पर ही होनी है, इसलिए कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
शराब व नकदी बांटने वालों पर एमसीसी की नजर
मतदाताओं को प्रलोभन देने, शराब बांटने या गुप्त बैठकों के सवाल पर कलेक्टर ने कहा कि आचार संहिता प्रकोष्ठ सक्रिय हो चुका है। आबकारी विभाग को संदिग्ध ठिकानों पर सीधे छापेमारी के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस भी नकदी और शराब की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रख रही है।
करवास बूथ पर रास्ता होगा दुरुस्त, भयमुक्त मतदान की अपील
खरबास पंचायत के मतदान केंद्र से जुड़े विवाद पर स्थिति स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि एसडीएम और तहसीलदार से मौके की जांच करवाई गई है। बूथ की दूरी मात्र 1.5 किलोमीटर है और रास्ते से जुड़ी समस्या को पंचायत स्तर पर दूर कर सुगम पहुंच मार्ग सुनिश्चित किया जा रहा है। कलेक्टर ने जिले के मतदाताओं से अपील की कि वे बिना किसी भय या दबाव के भारी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।
