फर्जी क्यूआर कोड से व्हाट्सएप हैक कर ठगी का नया खेल

फर्जी क्यूआर कोड से व्हाट्सएप हैक कर ठगी का नया खेल

राजस्थान पुलिस ने जारी की सख्त साइबर एडवाइजरी

बालकृष्ण शुक्ला/सच पत्रिका न्यूज़
कोटपूतली-बहरोड़।
साइबर ठगों द्वारा व्हाट्सएप अकाउंट पर कब्जा जमाकर लोगों को ठगने का एक नया और गंभीर फर्जीवाड़ा सामने आया है, जिसको लेकर राजस्थान पुलिस की R4C साइबर क्राइम शाखा ने पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशानुसार व्यापक एडवाइजरी जारी की है। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) वी.के. सिंह के अनुसार ठग फर्जी क्यूआर कोड, सोशल इंजीनियरिंग और ओटीपी हासिल कर व्हाट्सएप अकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। अकाउंट हैक होते ही ठग पीड़ित की संपर्क सूची में मौजूद परिचितों को गंभीर बीमारी, इलाज या इमरजेंसी का झूठा हवाला देकर पैसे मांगने वाले संदेश और संदिग्ध लिंक भेजने लगते हैं। कोटपूतली-बहरोड़ के पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह (आईपीएस) ने आमजन को सतर्क करते हुए बताया कि ठग फर्जी क्यूआर कोड अथवा लिंक से अनजान डिवाइस लिंक कराकर, कस्टमर सपोर्ट या अधिकारी बनकर ओटीपी और टू-स्टेप वेरिफिकेशन पिन मांगकर तथा रिमोट एक्सेस या स्क्रीन शेयरिंग ऐप इंस्टॉल करवाकर अकाउंट पर नियंत्रण पा लेते हैं। यदि लिंक्ड डिवाइसेज में कोई अनजान डिवाइस दिखे, बिना जानकारी के संदेश भेजे या पढ़े जाएं, बिना मांगे ओटीपी आए, अचानक व्हाट्सएप लॉगआउट हो जाए या परिचित आपके खाते से पैसे मांगे जाने की बात कहें, तो तुरंत सावधान हो जाएं। पुलिस ने बचाव के लिए अपील की है कि अनजान क्यूआर कोड कभी स्कैन न करें, टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखकर मजबूत पिन व रिकवरी ईमेल जोड़ें, ओटीपी या पिन किसी से साझा न करें, लिंक्ड डिवाइसेज की नियमित जांच कर अनजान डिवाइस को लॉगआउट करें, अनजान एपीके या ऐप इंस्टॉल न करें और पैसे की किसी भी असामान्य मांग पर फोन कॉल कर व्यक्ति की पुष्टि करें। अकाउंट हैक होने की आशंका पर तुरंत लिंक्ड डिवाइसेज से सभी अनजान डिवाइस लॉगआउट करें, अपने नंबर से व्हाट्सएप दोबारा रजिस्टर करें, टू-स्टेप पिन व पासवर्ड बदलें, संदिग्ध ऐप हटाएं तथा संपर्कों को सतर्क कर सभी डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित रखें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में संपर्क करें, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें, cybercrime.gov.in पर रिपोर्ट करें या हेल्पडेस्क नंबर 9256001930 अथवा 9257510100 पर सूचना दें।

Share :